वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-पति से विवाद के बाद आरोपी महिला अपने मायके में रह रही थी। 31 जुलाई को वह बेटी को लेकर ससुराल आई थी। अगले दिन उसने बेटी को गला घोंटकर मार डाला और हत्या का आरोप परिजनों पर लगा दिया। पुलिस ने जांच पड़ताल की तो अपने बयानों से ही महिला फंस गई। सख्ती बरती तो उसने जुर्म कबूल कर लिया।
बरेली के भमोरा क्षेत्र के नथा गौंटिया में अपनी चार साल की बेटी की हत्या करने वाली महिला को जेल भेज दिया गया। इससे पहले पुलिस की पूछताछ में महिला ने जुर्म कबूल कर लिया। महिला ने बताया कि बच्ची उस पर बोझ बन गई थी। उसकी हत्या कर वह ससुरालियों को फंसाना चाहती थी।
भमोरा थाना क्षेत्र के गांव नथा गौंटिया में चार साल की बच्ची प्रियंका उर्फ प्रभा की एक अगस्त को मौत हो गई थी। उसके गले पर निशान मिले थे। एक दूसरे पर हत्या का आरोप लगाते हुए बच्ची के परिजन और ननिहाल पक्ष के लोग भिड़ गए थे। बच्ची के ताऊ कालीचरण ने उसकी मां कमलेश पर ही हत्या का आरोप लगाया था। वहीं, मां का कहना था कि बेटी की हत्या उसके ससुरालियों ने की है।
एक दिन पहले ही बेटी को लेकर आई थी ससुराल
कमलेश ने यह भी बताया कि पति दामोदर से उसका विवाद चल रहा है। इस वजह से वह मायके में रह रही थी। उसका पति बाहर मेहनत मजदूरी करता है। एक दिन पहले ही वह बेटी को लेकर ससुराल आई थी। शुरुआत से ही महिला के बयान संदिग्ध थे। इस वजह से उस पर हत्या का शक जताया जा रहा था। पुलिस ने हिरासत में लेकर जब उससे सख्ती से पूछताछ की तो वह टूट गई। महिला ने बताया कि वह गुड़गांव में रहकर नौकरी करती थी।
बेटी को उसने मायके में छोड़ दिया था। छोटी बहन उसकी देखरेख करती थी। तीन महीने पहले उसकी भी शादी हो गई। इसके बाद बच्ची की देखभाल की जिम्मेदारी उसके ऊपर आ गई। उसे साथ रहकर नौकरी करना संभव नहीं था। इस वजह से वह ससुराल आ गई। 10 दिन पहले वह दादी के निधन के बाद मायके गई थी। सोमवार को वह वहां से वापस आई। मंगलवार दोपहर को गला दबाकर उसने बेटी की हत्या कर दी।
नाम बदलकर करती थी नौकरी
आरोपी महिला नाम बदलकर गुड़गांव में नौकरी करती थी। मोबाइल की जांच में सामने आया कि कई सोशल साइट पर उसके अकाउंट हैं। सिम भी चार इस्तेमाल करती है। थाने आने से पहले भी महिला ने कई मैसेज डिलीट किए थे। इस वजह से पुलिस का शक और पुख्ता हो गया। जब नंबर की सीडीआर निकलवाई तो सारी हकीकत सामने आ गई। हत्याकांड का खुलासा कर पुलिस ने शनिवार को उसे जेल भेज दिया।