वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :सोमवार की रात करीब आठ बजे गले में टॉफी फंसने से 4 साल के एक मासूम की तड़प-तड़प के मौत हो गयी। परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बताया कि बच्चा टॉफी खा रहा था, अचानक उसके गले में टॉफी फंस गई। जिससे वह तड़पने लगा। बुलंदशहर के डॉक्टर ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। मामला सोमवार रात करीब 8 बजे का है। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा कस्बा के मोहल्ला शांतिनगर निवासी शाहरुख का 4 साल का बेटा सान्याल सोमवार रात घर के बाहर खेल रहा था। शाहरुख ने बताया कि सान्याल ने टॉफी खाने के लिए पैसे मांगे। मैंने उसे पैसे देने से मना कर दिया। इससे वह नाराज हो गया और जमीन पर बैठकर रोने लगा। उसकी जिद पर मैंने उसे 1 रुपए दे दिए। फिर घर के अंदर चला गया। बेटा दुकान पर गया और एक रुपए की चार टॉफी खरीदकर लाया। शाहरुख ने बताया कि घर के सभी लोग कामकाज में व्यस्त थे। थोड़ी देर बाद सान्याल घर के अंदर आया। वह रो रहा था, उसे दर्द हो रहा था। गला पकड़कर चिल्ला रहा था। हाथ-पैर पटक रहा था। कुछ बोल नहीं पा रहा था। सभी लोग परेशान हो गए। मेरे बच्चे का दम घुट रहा था। मैं समझ गया कि उसके गले में टॉफी अटकी है। उसे पास के ही एक अस्पताल लेकर गया। जहां पर डॉक्टर ने सांस की नली में टॉफी अटकने की बात बताई। इसके बाद सान्याल को बुलंदशहर लेकर गए। वहां पर निजी अस्पताल के डॉक्टर ने बेटे को मृत घोषित कर दिया। इस घटना को लेकर परिजनों में कोहराम मच गया।