वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज :-सूबे के मुखिया सीएम योगी आदित्यनाथ आज सहारनपुर और शामली दौरे पर हैं। सबसे पहले वह सहारनपुर से नगर निकाय चुनाव का शंखनाद करने पहुंचे हैं। यहां उन्होंने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि यूपी में भयमुक्त माहौल है। माफिया और अपराधी अब अतीत हो गए।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज नगर निकाय चुनाव का शंखनाद सहारनपुर से कर रहे हैं। उन्होंने सहारनपुर के महाराज सिंह डिग्री कॉलेज मैदान पर जनसभा को संबोधित किया और फिर शामली के लिए रवाना हो गए। वहीं सीएम योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। संगठन ने भी कार्यक्रम को लेकर ताकत झोंक रखी है। जनसभा स्थल पर सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई थी।
नगर निकाय चुनावों में भाजपा के पक्ष में अपील करने के लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहारनपुर रैली को संबोधित करने पहुंचे। वह दोपहर 12 बजकर एक मिनट पर राजकीय वायुयान से सरसावा के ग्राम सोराना में वायुसेना की हवाई पट्टी पर उतरे। 12 बजकर 11 मिनट पर हेलीकॉप्टर में सवार होकर सहारनपुर के लिए उड़ चले। मंडल आयुक्त सहारनपुर डॉ. लोकेश एम, डीआईजी अजय साहनी तथा एसपी देहात सागर जैन ने मुख्यमंत्री का अभिवादन करते हुए स्वागत किया।
अतीत हो गए माफिया और अपराधी: सीएम योगी
जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सहारनपुर विकास के पथ पर अग्रसर है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज प्रदेश में कानून व्यवस्था का राज कायम है। प्रदेश की कानून व्यवस्था आज पूरे देश में नजीर बन चुकी है। माफिया और अपराधी अब अतीत हो गए, आज यूपी में भयमुक्त माहौल है।
उन्होंने कहा कि 2017 से पहले की सरकारों को सहारनपुर में दंगा कराने से ही फुर्सत नहीं थी। पहले नौजवानों पर झूठे मुकदमे दर्ज किए जाते थे। बेटियों को लेकर माता-पिता चिंतित रहते थे, लेकिन आज भाजपा सरकार ने भय मुक्त वातावरण दिया है।
कहा कि 6 वर्ष में 54 लाख से अधिक गरीबों को आवास दिलाया। 2 करोड़ 61 लाख गरीबों को 1-1 शौचालय, 1 करोड़ 75 लाख गरीबों को फ्री रसोई गैस कनेक्शन, 1 करोड़ 55 लाख गरीबों को फ्री बिजली कनेक्शन देने का कार्य डबल इंजन की सरकार ने किया। प्रदेश के 10 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री स्वामित्व योजना, आयुष्मान भारत योजना और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना के तहत 5 लाख रुपए का सालाना बीमा कवर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकारें दे रहीं हैं।
शहरों व कस्बों के विकास के लिए तीसरे इंजन की जरूरत
उन्होंने कहा कि मां शाकभरी और मां बाला सुंदरी की पावन धरा से मैं आज निकाय चुनाव का शंखनाद करने आया हूं। केंद्र की मोदी सरकार और यूपी की योगी सरकार डबल इंजन से विकास कार्य करा रही है, लेकिन अब शहरों और कस्बों के विकास के लिए तीसरे इंजन की भी जरूरत है। इसलिए विकास की गति ट्रिपल इंजन से हो इसके लिए निकाय चुनाव में भाजपा के सभी प्रत्याशियों को विजय बनाकर विकास की गति को बढ़ाना होगा।
सहारनपुर में जनसभा को संबोधित करने के बाद मुख्यमंत्री योगी शामली में निकाय चुनाव का शंखनाद करने के लिए रवाना हो गए। यहां वह वीवी इंटर कॉलेज में जनसभा को करेंगे संबोधित। ज्यादा से ज्यादा निकायों में कमल खिलाने पर फोकस रहेगा। वहीं जिले में सीएम योगी के दौरे को लेकर प्रशासन ने पुख्ता तैयारी की है। कई जगह रूट डायवर्जन किया गया है।
इसके अलावा सीएम योगी आदित्यनाथ खेड़ी बैरागी में नाथ संप्रदाय के मंदिर में बाबा न्यादर दास की 121वीं जयंती कार्यक्रम में भी शामिल होंगे। प्रशासन मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की तैयारियों में जुट गया है। डीएम-एसपी ने दोनों हेलीपैड का दौरा कर अधीनस्थों को दिशा-निर्देश दिए।
खेड़ी बैरागी में कार्यक्रम में शामिल होने से पहले सीएम योगी ने ट्वीट करते हुए लिखा- 'वैदिक कालीन स्मृतियों को संजोए जनपद सहारनपुर, शामली एवं अमरोहा के पुरुषार्थी और राष्ट्रवादी जन के मध्य आज मुझे आने का सौभाग्य प्राप्त हो रहा है। ऐसी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उर्वर वसुधा के विकासवादी, उद्यमशील एवं रचनाधर्मी मानस से संवाद हेतु मैं अत्यंत उत्सुक हूं।'
बाबा शेरनाथ ने दिया था मुख्यमंत्री को निमंत्रण
खेड़ी बैरागी में तपोभूमि समाधि स्थल पर बाबा न्यादरदास की जयंती हर वर्ष 24 अप्रैल को मनाई जाती है। योगी रोहताश ने बताया कि बाबा शेरनाथ ने मुख्यमंत्री को कार्यक्रम का निमंत्रण दिया था। जयंती प्रतिवर्ष धूमधाम से मनाई जाती है। जिसमें ग्रामीण बढ़-चढ़कर सहयोग करते हैं।