वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:- रनियां औद्योगिक क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक ऑयल फैक्टरी में आग लग गई। सूचना पर पुलिस व दमकल की गाड़ियां पहुंची हैं। आग बुझाने का प्रयास एक घंटे से किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ये ऑयल फैक्टरी कई सालों से बंद थी।
कानपुर देहात के रनियां औद्योगिक क्षेत्र में बीते चार साल से बंद पड़ी एक ऑयल फैक्टरी में शुक्रवार सुबह भीषण आग लग गई। तेज हवा से आग ने विकराल होती चली गई। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग काबू करने के प्रयास शुरू किए। बताया जा रहा है कि यहां मेंटेनेंस का काम शुरू कराया गया था।
रनियां क्षेत्र के उमरन गांव स्थित हाईवे किनारे खाद्य तेल बनाने वाली लक्ष्मी वनस्पति फैक्टरी में शुक्रवार की सुबह आग लग गई। आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि बीते चार साल से फैक्ट्ररी में उत्पादन कार्य बंद है। आग बढ़ने पर लपटें और धुएं के गुबार छा गए।
एक किलोमीटर दूर तक आसमान में काला धुआं दिखाई दे रहा था। इससे आस पास के लोगों में अफरा तफरी का माहौल हो गया। घटना की जानकारी पर सीएफओ सुरेंद्र सिंह एक फायर टैंकर और एक पोर्टेबल पंप लेकर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने आग पर पानी डालकर काबू पाने के प्रयास शुरू किए।
फैक्टरी में चल रहा था मेंटेनेंस का कार्य
इधर जानकारी पर एसपी, एएसपी, सीओ सदर सहित इंस्पेक्टर रनियां कपिल दुबे भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फैक्टरी में काम करने वाले वेद प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि फिर से फैक्टरी चलाने के लिए मेंटेनेंस का कार्य शुरू किया गया है। इस दौरान आग लग गई।